एप्पल न्यूज, धर्मशाला
धर्मशाला के खनियारा क्षेत्र से सटे मनूणी खड्ड में बुधवार को अचानक आई बाढ़ ने तबाही मचा दी। बाढ़ के दौरान इंदिरा प्रियदर्शनी हाइड्रो प्रोजेक्ट में कार्यरत 20 से ज्यादा मजदूरों के बहने की आशंका जताई जा रही है।
अब तक 2 शव बरामद किए जा चुके हैं, जबकि अन्य की तलाश एसडीआरएफ, पुलिस और आपदा प्रबंधन दल द्वारा जारी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, दोनों मृतक प्रवासी मजदूर बताए जा रहे हैं, जो प्रोजेक्ट कार्य में लगे थे। एक शव लूंटा क्षेत्र में बहकर मिला, जबकि दूसरा नगुनी के ऊपर खड्ड किनारे पाया गया है, जिसे दुर्गम मार्गों के कारण अभी तक धर्मशाला अस्पताल नहीं लाया जा सका है।

बाढ़ में प्रोजेक्ट की जेसीबी मशीन, सड़कों व अन्य उपकरणों के बहने की भी पुष्टि हुई है। मौके पर मौजूद कई मजदूरों ने जान बचाकर खनियारा की ओर भागते हुए खुद को सुरक्षित किया है और अब अपने घर लौटने की मांग कर रहे हैं।
वहीं सिद्धपुर निवासी 71 वर्षीय देशराज, जो अपनी 15 भेड़-बकरियों के साथ खड्ड के पास फंसे थे, को दमकल विभाग ने सुरक्षित रेस्क्यू कर लिया है। यह प्रोजेक्ट पहले भी मानसून में बाढ़ का शिकार बन चुका है।
एसडीएम धर्मशाला मोहित रत्न ने बताया कि राहत और बचाव कार्य तेजी से चल रहा है, जबकि नुकसान का आकलन और लापता लोगों की तलाश जारी है।
सावधानी की अपील: प्रशासन ने लोगों से बरसात के मौसम में नालों और खड्डों से दूर रहने की अपील की है, ताकि इस प्रकार की घटनाओं से बचा जा सके।






