CM सुक्खू का 28 सितंबर का रामपुर बुशहर दौरा रद्द, अक्टूबर में नए सिरे से जारी होगा कार्यक्रम

एप्पल न्यूज़, रामपुर बुशहर/शिमला

मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू का 28 सितंबर को प्रस्तावित रामपुर बुशहर दौरा रद्द हो गया है। मुख्यमंत्री के प्रस्तावित दौरे को लेकर पिछले कई दिनों से जिला प्रशासन और कांग्रेस संगठन तैयारियों में जुटे हुए थे। मुख्यमंत्री के कार्यक्रम को लेकर प्रशासनिक स्तर पर विभिन्न व्यवस्थाओं की समीक्षा की जा रही थी, जबकि कांग्रेस संगठन की ओर से भी तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा था।


प्रस्तावित कार्यक्रम के अनुसार मुख्यमंत्री को रामपुर विधानसभा क्षेत्र में विभिन्न विकासात्मक कार्यक्रमों में शामिल होना था। इसके अलावा दुर्गम काशापाट पंचायत में मुख्यमंत्री का रात्रि ठहराव भी प्रस्तावित था। मुख्यमंत्री के दौरे को लेकर 25 सितंबर को ब्लॉक कांग्रेस की बैठक में भी तैयारियों की समीक्षा की गई थी।
अब यह दौरा रद्द होने के बाद मुख्यमंत्री के रामपुर प्रवास का कार्यक्रम नए सिरे से तय किया जाएगा। स्थानीय स्तर पर उम्मीद जताई जा रही है कि मुख्यमंत्री का रामपुर दौरा अक्तूबर माह में हो सकता है।
इस बीच, 30 सितंबर को नई दिल्ली में INDIA ब्लॉक की बैठक प्रस्तावित है। विभिन्न विपक्षी दलों के शीर्ष नेताओं की यह बैठक चुनाव आयोग और मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) सहित अन्य मुद्दों पर चर्चा के लिए बुलाई गई है।
हालांकि, मुख्यमंत्री के रामपुर दौरे को 30 सितंबर की INDIA ब्लॉक बैठक के चलते स्थगित किए जाने की बात स्थानीय स्तर पर सामने आ रही है, लेकिन इसकी आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है। नए कार्यक्रम की घोषणा के बाद ही मुख्यमंत्री के रामपुर दौरे की अगली तारीख स्पष्ट हो सकेगी।

Share from A4appleNews:

You May Like

Breaking News